जौनपुर के निरंकारी सत्संग भवन में आयोजित जोन स्तरीय बाल समागम में शामिल होकर संत महापुरुषों का लिया आशीर्वाद
JAUNPUR NEWS: खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने शुक्रवार को जौनपुर के निरंकारी सत्संग भवन, अहमद खाँ की मंडी, मिर्जापुर रोड में आयोजित जोन स्तरीय बाल समागम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने संत महापुरुषों का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उपस्थित बच्चों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन बच्चों में संस्कार, सेवा और मानवता की भावना को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में मानवता के उत्थान के लिए सद्गुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी के विचार और शिक्षाएं आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज बाबा हरदेव सिंह जी के संदेशों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाकर मानव को मानव से जोड़ने का प्रेरणादायी कार्य कर रही हैं। उनके मार्गदर्शन में आयोजित बाल समागम जैसे कार्यक्रम बच्चों के भीतर नैतिक मूल्यों, सेवा, अनुशासन और मानवता के संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्य मंत्री ने कहा, “आज के बच्चे ही देश और समाज का भविष्य हैं। यदि उनमें बचपन से ही सेवा, सद्भाव, अनुशासन और मानवता के संस्कार विकसित किए जाएं तो वे आगे चलकर समाज के लिए प्रेरणा बनेंगे। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करते हैं।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों, श्रद्धालुओं और निरंकारी मिशन से जुड़े संत महापुरुषों की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन का वातावरण आध्यात्मिक, प्रेरणादायी और संस्कारमय रहा। राज्य मंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में प्रेम, भाईचारे और मानवता के मूल्यों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।







