Home उत्तर प्रदेश बारिश से कच्चा घर गिरने से एक परिवार के तीन लोगों की...

बारिश से कच्चा घर गिरने से एक परिवार के तीन लोगों की दबकर हुई मौत, चार घायल

घायलों का जिला अस्पताल में जारी है इलाज

FATEHPUR NEWS: जिले में 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार की सुबह एक कच्चा मकान गिर गया जिसमें दबकर तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और 4 लोगों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वाशन दिया है। बताते चलें कि बिन्दकी तहसील क्षेत्र के हरदौली गांव का रहने वाला 50 वर्षीय मुकेश बाजपेई जो अपने परिवार के साथ घर के अंदर सो रहा था तभी अचानक कच्चा घर ढह गया जिसके मलवे में दबकर मुकेश बाजपेई तथा उसकी 85 वर्षीय मां माधुरी देवी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि मलवे में दबकर मुकेश वाजपेई की पत्नी रन्नो देवी उम्र लगभग 50 वर्ष, पुत्री कामिनी देवी उम्र लगभग 13 वर्ष, पुत्री क्षमा देवी उम्र लगभग 22 वर्ष, पुत्री प्रकाशनी देवी उम्र लगभग 15 वर्ष तथा पुत्र प्रखर उम्र 11 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। घर ढहने की घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और सभी लोगों ने मिलकर मलवे में दबे लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सक ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मुकेश वाजपेई की पत्नी रन्नो देवी की मौत हो गई। जबकि सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचीं पुलिस ने तीनो शवो को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बारे में गांव के रहने वाले भारतीय किसान यूनियन के जिलाअध्यक्ष नवल सिंह पटेल, ग्राम प्रधान राहुल पटेल तथा गांव के ही ज्ञानेंद्र पटेल तथा सौरभ सिंह ने बताया की सोमवार की भोर पहर अचानक कच्चा घर ढह गया जिसके चलते दो लोगों की मौत हो गई है और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं इस मामले पर पुलिस क्षेत्राधिकारी बिंदकी प्रगति यादव ने बताया कि बिन्दकी तहसील के हरदौली गांव में बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।