नाव को पानी से बाहर निकालते ग्रामीण व पुलिस
ETAWA NEWS: यमुना नदी के उफान से जनपद के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कई गांवों का संपर्क मार्ग टूट गया है और ग्रामीण नावों के सहारे आवागमन करने को विवश हैं। इसी बीच शुक्रवार सुबह थाना बढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम धमना कछार में नाव पलटने से बड़ा हादसा होते-होते बच गया. ग्राम धमना कछार से राशन लेने जा रहे करीब डेढ़ दर्जन लोग नाव पर सवार थे। सुबह करीब 10 बजे नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटते ही लोगों में चीख-पुकार मच गई लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। नाव में एक बीमार महिला भी थी, जिसे इलाज के लिए इटावा ले जाया जा रहा था। पानी निगलने से कुछ महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें सीएचसी उदी में भर्ती कराया गया। सूचना पर सदर एसडीएम विक्रम राघव मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बाढ़ के पानी से संपर्क मार्ग टूट गया था, इसी कारण लोग नाव से जा रहे थे। नाव में क्षमता से ज्यादा लोग बैठने के कारण हादसा हुआ। हालांकि उस स्थान पर पानी ज्यादा गहरा नहीं था, इसलिए सभी सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल ग्रामीणों को नाव से यात्रा करने से रोक दिया गया है। जिले में पिछले पांच दिनों से यमुना नदी का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। शहर के यमुना टहलती, श्मशान घाट, सुनवारा और पड़राया इलाकों में बाढ़ का पानी घरों में घुस चुका है। वहीं धमना कछार, तोड़ा, बुढ़पुरा, जसवंतनगर और बकेवर क्षेत्र के कई गांव जलमग्न हो गए हैं।







