FATEHPUR NEWS: जिले में आई बाढ़ ने सब्जी उत्पादकों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। गंगा कटरी क्षेत्र में बाढ़ के कारण सब्जियों की फसलें डूब गई हैं। इससे आसपास के कस्बों की बाजारों में सब्जियों के दाम में तेजी से वृद्धि हुई है। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि टमाटर, आलू, बैंगन और भिंडी सहित सभी सब्जियां महंगी हो गई हैं। उर्मिला, ज्योति और सुमन का कहना है कि बढ़ी कीमतों से उनका घरेलू बजट अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने चिंता जताई कि अगर यही स्थिति रही तो घर का खर्च चलाना मुश्किल हो जाएगा। गंगा कटरी क्षेत्र से बड़ी मात्रा में सब्जियां औंग, शिवराजपुर, चौडगरा और खदरा की मंडियों में आती थीं। गंगा के बढ़े जलस्तर के कारण अब यह आपूर्ति बाधित हो गई है। औंग बाजार के थोक सब्जी व्यापारी सलीम, सुरेंद्र कुमार पटेल, मनोज बाबा और राजेश पटेल ने बताया कि कटरी क्षेत्र की सब्जियां बाढ़ के कारण खराब हो गई हैं। आपूर्ति कम होने से बाजार में सब्जियों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।







