मिलावटखोरी पर लगाम लगाने की पहल; जांच के लिए भेजे गए सरसों तेल, दूध और अन्य खाद्य पदार्थ
SIDHARTHNAGAR NEWS: आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बांसी बाज़ार में छापा मारा। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ और जिलाधिकारी, सिद्धार्थनगर के आदेश पर हुई इस कार्रवाई में कुल पाँच नमूने एकत्र किए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, सिद्धार्थनगर, आर.एल. यादव के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। टीम ने बांसी बाज़ार से एक-एक नमूना सरसों तेल, मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल और पाम ऑयल का लिया। इसके अलावा, भैंस के दूध और गाय के दूध का भी एक-एक नमूना संग्रहित किया गया। इन सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। इस दौरान खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करें। छापेमार टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जय प्रकाश, नीरज कुमार चौधरी, रंजन कुमार श्रीवास्तव और हीरा लाल शामिल थे।







