महिला किसान संवाद-सम्मान समारोह संपन्न
JHANSI NEWS: ग्रीष्मकालीन दुग्ध प्रोत्साहन योजना (वित्तीय वर्ष 2025-26) के अंतर्गत बुंदेलखंड क्षेत्र के सातों जनपदों की 71,837 महिला डेयरी किसानों को कुल 5,63,92,624 की प्रोत्साहन राशि वितरण का शुभारंभ गुरुवार को दोपहर 2 बजे दीनदयाल सभागार में आयोजित भव्य समारोह के दौरान किया गया।
इस अवसर पर “दुग्ध उत्पादक महिला किसान संवाद-सम्मान समारोह” का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादकों ने भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों में भी दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करना, महिला किसानों की आय में वृद्धि करना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महिला डेयरी किसानों की मेहनत और समर्पण से बुंदेलखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार एवं सहकारी संस्थाओं की योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचना चाहिए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। वही कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन का संकेत है। पूर्व जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार ने भी महिला दुग्ध उत्पादकों के योगदान की सराहना की।
समारोह के दौरान चयनित महिला किसानों को सम्मानित भी किया गया तथा योजना के लाभ और प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। मंच का संचालन शशिकांत पांडेय ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यकारी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि ग्रीष्मकालीन दुग्ध प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य कठिन मौसम में भी दुग्ध उत्पादन बनाए रखने हेतु किसानों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित महिला किसानों का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, किसान उत्थान और बुंदेलखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.







