Home उत्तर प्रदेश बबुरा गांव में राष्ट्रवादी मंच की जन चौपाल, अन्याय और भ्रष्टाचार के...

बबुरा गांव में राष्ट्रवादी मंच की जन चौपाल, अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुटता का आह्वान

MIRZAPUR NEWS: छानबे ब्लॉक के बबुरा गांव में कड़ाके की ठंड के बीच अलाव के साथ राष्ट्रवादी मंच के बैनर तले जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जहां स्थानीय समस्याओं, सरकारी योजनाओं और जनहित के मुद्दों पर खुलकर चर्चा की गई। करीब 30 गांवों की करीब 40 हजार को राहत देने के लिए बबुरा अकोढ़ी गांव लिंक मार्ग पर रेलवे ओवर ब्रिज बनाए जाने की मांग की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रवादी मंच के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि समाज में फैले अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ अब चुप बैठने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि इन बुराइयों के विरुद्ध एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। मनोज श्रीवास्तव ने जोर देते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान बाहर नहीं, बल्कि हमारे अपने हाथों में है। यदि लोग नियमानुसार संबंधित विभागों और अधिकारियों से संपर्क करें और सामूहिक रूप से अपनी बात रखें तो समाधान निश्चित है।
उन्होंने कहा कि जन जागरूकता के अभाव में सरकारी स्तर पर आम जनमानस के शोषण की परंपरा चली आ रही है। परेशान और जरूरतमंद लोगों को “पैसे का पेड़” समझकर उनसे मनमाने तरीके से रुपये मांगे जाते हैं और उन्हें अनावश्यक रूप से लटकाया व भटकाया जाता है। ऐसे हालात का सामना करने के लिए समाज में एकजुटता और आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि आपसी संवाद और जन चौपाल ही समस्याओं के स्थायी समाधान का सबसे सशक्त माध्यम हैं। जब लोग खुलकर अपनी बात रखते हैं और सामूहिक रूप से निर्णय लेते हैं, तब व्यवस्था पर दबाव बनता है और परिणाम भी सामने आते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आएं और अपने अधिकारों के लिए संगठित हों। किसानों की समस्याओं पर बात रखते हुए उन्होंने कहा कि गांवों में जानबूझकर समस्याएं खड़ी कर किसानों के दोहन और शोषण की स्थिति बनाई जाती है। इसके लिए उन्होंने समाज के बिखराव और आपसी विभाजन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज संगठित नहीं होगा, तब तक शोषण की प्रवृत्ति खत्म नहीं होगी। जन चौपाल में वीरेंद्र पांडेय, संतोष शुक्ला, चंद्रकेश शुक्ला, पट्टर सिंह, अतुल सिंह, गोकुल सोनकर, श्यामलाल, रामबाबू मोदनवाल, गुलशन पाठक, रवि कुमार श्रीवास्तव, चितावन तिवारी एवं गुलबहार दुबे सहित कई गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन एकजुटता और जागरूकता के संकल्प के साथ किया गया।