Home उत्तर प्रदेश बच्चों ने भेजी राखी और पत्र, पीएम से मांगा पृथक बुंदेलखंड राज्य

बच्चों ने भेजी राखी और पत्र, पीएम से मांगा पृथक बुंदेलखंड राज्य

बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के नेतृत्व में जन-जन तक पहुंच रहा है आंदोलन

FATEPUR NEWS: बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा चलाए जा रहे “एक राखी बुंदेलखंड के नाम” महाअभियान के 23वें दिन शुक्रवार को जनपद के खखरेरू नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक भावुक और प्रेरणास्पद दृश्य देखने को मिला। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों से बनी राखियाँ और पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजकर पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग की। इन मासूम बच्चों की भोली-भाली भावनाओं ने पूरे माहौल को संकल्प और संवेदना से भर दिया। बच्चों का प्रधानमंत्री के नाम संदेश था हमें चाहिए अपना बुंदेलखंड राज्य। इस अवसर पर बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ‘बुंदेलखंडी’ ने कहा कि यह आंदोलन अब केवल ज्ञापन और नारेबाजी तक सीमित नहीं है। जब छोटे-छोटे बच्चों की कलाइयों से राखियाँ और आंखों से उम्मीद निकलती है, तब यह स्पष्ट हो जाता है कि बुंदेलखंड की मांग अब जन-जन की आत्मा में बस चुकी है। ये राखियाँ रक्षा सूत्र नहीं, बल्कि न्याय और अधिकार की पुकार है। उन्होंने आगे बताया कि महाअभियान के तहत हर जिले से हजारों राखियाँ प्रतिदिन प्रधानमंत्री को भेजी जा रही हैं, जो यह दर्शाती हैं कि बुंदेलखंड अब और प्रतीक्षा में नहीं है। अभियान का मूल संदेश है हर हाथ से राखी, हर दिल से पुकार – हमें चाहिए बुंदेलखंड राज्य! कार्यक्रम में स्थानीय शिक्षक, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। बच्चों ने “बुंदेलखंड मांगे हक” और “हमारा राज्य कब बनेगा?” जैसे नारे लगाकर अपने भाव प्रकट किए। यह आयोजन इस बात का प्रतीक बन गया कि आंदोलन अब स्कूलों की चौखट तक पहुंच चुका है और आने वाली पीढ़ी भी अपने क्षेत्र के अधिकारों को लेकर सजग है।