Home इटावा बकेवर-औरैया मार्ग पर ऑटो चालकों की गुंडागर्दी

बकेवर-औरैया मार्ग पर ऑटो चालकों की गुंडागर्दी

यात्रियों से अभद्रता, पुलिस-प्रशासन बना मूक दर्शक

ETAWA NEWS: बकेवर थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज हाईवे पुल के पास ऑटो चालकों की कथित मनमानी ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। बकेवर-औरैया मार्ग तथा बकेवर-भरथना मार्ग पर ऑटो चालकों के कारण अक्सर भीषण जाम की स्थिति बन जाती है। इस दौरान न केवल वाहन चालक और राहगीर घंटों फंसे रहते हैं बल्कि कई बार ऑटो चालक लोगों से अभद्रता और मारपीट तक करने लगते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कस्बा चौकी नजदीक होने के बावजूद पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। यही नहीं, महिला यात्रियों से खुलेआम खींचतान तक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे गंभीर हादसों का खतरा बना रहता है। सूत्रों के अनुसार, कई ऑटो चालक बिना नंबर प्लेट, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और अधूरे कागजात के साथ धड़ल्ले से ऑटो चलाते हैं। इसके बावजूद न तो परिवहन विभाग कोई कार्रवाई कर रहा है और न ही बकेवर पुलिस। क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि यह समस्या अब आम जनजीवन को प्रभावित कर रही है। उन्होंने परिवहन विभाग और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा से तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र को जाम और ऑटो चालकों की गुंडागर्दी से राहत मिल सके।