Home उत्तर प्रदेश बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने अधिकारियों संग की शांति...

बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने अधिकारियों संग की शांति समिति बैठक

सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील, नई परंपरा व प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर रोक के निर्देश
साफ-सफाई, जलापूर्ति, बिजली व सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
FATEHPUR NEWS: डीएम निधि गुप्ता वत्स एवं एसपी अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वावधान में आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे, मेलजोल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई नई परंपरा शुरू न की जाए तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न हो। शासनादेशों का पालन सुनिश्चित करते हुए सार्वजनिक सड़कों पर नमाज अदा न किए जाने तथा कुर्बानी खुले स्थानों पर न करने के निर्देश भी दिए गए.जिलाधिकारी ने कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्टों का विधिवत निस्तारण किया जाए और कोई भी अवशेष खुले में दिखाई न दे। उन्होंने निर्देशित किया कि अवशेषों को जमीन के भीतर ढंककर सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया जाए तथा परिवहन के दौरान भी पूरी तरह ढककर ले जाया जाए, जिससे किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बकरीद के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति बनाए रखी जाए। उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मंदिरों एवं मस्जिदों में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने, मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने तथा मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही अफवाहों से सावधान रहने और सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए सुझावों और निर्देशों को निचले स्तर तक पहुंचाया जाए, जिससे भ्रम की स्थिति न बने और त्योहार सकुशल संपन्न हो सके। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस क्षेत्राधिकारियों से थानावार तैयारियों की जानकारी लेते हुए कहा कि नमाज स्थलों पर समय से पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अपशिष्ट उठाने वाले वाहन चालकों एवं थाना प्रभारियों के बीच मोबाइल नंबर साझा किए जाएं, ताकि समन्वय बेहतर रहे और किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। बैठक में मौजूद संभ्रांत नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे, जिन पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार कार्रवाई कर अमल में लाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पवन कुमार मीना, विनय पांडेय, सुनील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, थाना प्रभारी, विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष बीरेंद्र पांडेय, शहरकाजी, आदर्श व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवचन्द्र शुक्ला सहित बड़ी संख्या में संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।