Home उत्तर प्रदेश बकरीद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, एडिशनल एसपी और क्षेत्राधिकारी ने भारी...

बकरीद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, एडिशनल एसपी और क्षेत्राधिकारी ने भारी पुलिस बल के साथ बढ़नी कस्बे में किया पैदल गश्त

SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी बकरीद त्योहार के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स ने बढ़नी कस्बे के विभिन्न वार्डों और संवेदनशील इलाकों में सघन पैदल गश्त की। इस फ्लैग मार्च के दौरान थानाध्यक्ष ढेबरुआ दुर्गा प्रसाद और चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव सहित भारी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ पूरे नगर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें शांति व आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। इस पैदल गश्त का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करना और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले शरारती तत्वों को कड़ा संदेश देना है।

नगर भ्रमण के दौरान एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने अधीनस्थ अधिकारियों और प्रभारियों को बकरीद के दृष्टिगत मस्जिदों, ईदगाहों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने भी सुरक्षा तंत्र को अलर्ट मोड पर रहने और सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी। पुलिस ने कस्बे के मुख्य मार्गों से लेकर आंतरिक गलियों तक गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा और यह संदेश दिया कि शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।