250 घरों में नल कनेक्शन बने हैं शोपीस
FATEHPUR NEWS: जिले के तेलियानी विकास खंड के बकंधा गांव में जल जीवन मिशन की योजना विफल हो गई है। तीन साल पहले शुरू हुई इस योजना पर 3.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए। गांव में पानी की टंकी बनाई गई और पाइपलाइन बिछाई गई।
लगभग 250 घरों में नल कनेक्शन दिए गए लेकिन आज तक एक बूंद पानी भी नलों में नहीं आया। इससे गांव का पेयजल संकट और गहरा गया है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कई हैंडपंप खराब पड़े हैं। ग्रामीण राजू खान, मोहम्मद इशाक और श्रवण मौर्य ने बताया कि पानी की कमी से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान पति रणधीर सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने जल निगम और मुख्य विकास अधिकारी को कई बार शिकायत की है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी योजना का लाभ न मिलने से ग्रामीण निराश हैं। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता के लिए तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है। इस संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारी से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया गया लेकिन कॉल नहीं मिल पाई जिससे बात नहीं हो सकी है।







