FATEHPUR NEWS: शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के आह्वान पर शनिवार को प्रदेशभर में सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार द्वारा बंद किए गए विद्यालयों को दोबारा खोलने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यालयों के समीप पहुंचकर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और विद्यालयों को पुनः संचालित किए जाने की मांग उठाई। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव रामबाबू यादव और ऐरायां ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद हासरीन उर्फ राजू सिद्दीकी के नेतृत्व में कार्यकर्ता ऐरायां विकासखंड की ग्राम पंचायत इजूरा बुजुर्ग के मजरे दरियापुर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय के समीप प्रदर्शन किया और विद्यालय को दोबारा खोले जाने की मांग की। इस दौरान सपा जिला सचिव रामबाबू यादव ने कहा कि विद्यालयों को बंद किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि गांव के बच्चों को शिक्षा के लिए दूर जाना पड़ रहा है, जिससे उनके सामने कई तरह की परेशानियां खड़ी हो रही हैं। उन्होंने सरकार से बंद किए गए विद्यालयों को फिर से संचालित करने की मांग की। वहीं ऐरायां ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद हासरीन उर्फ राजू सिद्दीकी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों का बंद होना बच्चों की शिक्षा के हित में नहीं है। उन्होंने सरकार से विद्यालयों को पुनः खोलने की मांग करते हुए कहा कि बच्चों को उनके गांव के आसपास ही शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के निर्णय के खिलाफ नाराजगी जताते हुए विद्यालयों को शीघ्र पुनः संचालित किए जाने की मांग की। वहीं हथगाम ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय वासुदेवपुर में सेक्टर प्रभारी चंद्रराज सिंह यादव के साथ जिला सचिव रामपाल पाल मास्टर साहब के साथ कई अन्य समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।







