भाजपा नेता संतोष तिवारी एवं भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी हैं प्रमुख आयोजक
मंदिर के भूमिपूजन के दौरान कई साधु संत महात्मा और नामचीन हस्तियों रहेंगी उपस्थित
आयोजकों के मुताबिक मंदिर निर्माण से जनपद में धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
FATEHPUR NEWS: जनपद में श्री जगन्नाथ मंदिर के निर्माण कार्य का भूमिपूजन और कार्यारंभ 2 नवंबर 2025 को होगा। यह कार्यक्रम रामगंज स्थित हनुमान मंदिर, पक्का तालाब में आयोजित किया जाएगा। जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष तिवारी और भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी इस आयोजन के निवेदक हैं।
आयोजन की तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं। इसमें क्षेत्रीय और राज्य स्तरीय नेताओं, संत-महात्माओं, समाजसेवियों, पत्रकारों, व्यापारियों और आमजन को आमंत्रित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित कई बड़े नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है। प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित रह सकते हैं। स्थानीय लोगों में इस मंदिर के निर्माण को लेकर काफी उत्साह है। श्रद्धालुओं का मानना है कि श्री जगन्नाथ मंदिर की स्थापना से क्षेत्र में धार्मिक वातावरण मजबूत होगा और पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित होंगी। भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी ने बताया कि यह मंदिर समाज के हर वर्ग के सहयोग से बन रहा है, जिसका उद्देश्य संस्कृति, सद्भाव और सेवा का संदेश प्रसारित करना है। वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष तिवारी ने जानकारी दी है कि भूमिपूजन कार्यक्रम में जिले और प्रदेश के प्रमुख साधु-संत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन कार्य संपन्न करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रामगंज और पक्का तालाब क्षेत्र में साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। यह आयोजन फतेहपुर जिले के धार्मिक मानचित्र में एक नया अध्याय जोड़ेगा और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाएगा।







