KAUSHAMBI NEWS: जनपद के परिषदीय विद्यालयों में 1 अप्रैल से नवीन शैक्षिक सत्र का विधिवत शुभारंभ हो गया है। सत्र के प्रारंभ से ही बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके, इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने इस बार समय से पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर पर सखी में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को विभाग से प्राप्त निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। पुस्तक वितरण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और बच्चों के चेहरे पर नई किताबें पाकर खुशी झलक उठी। इंचार्ज प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू ने बच्चों को पुस्तकें वितरित करते हुए कहा कि ये पुस्तकें पूरे शैक्षिक सत्र में उनकी पढ़ाई का आधार हैं, इसलिए इन्हें सुरक्षित रखें और नियमित अध्ययन करें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें, ताकि बेहतर शैक्षिक परिणाम प्राप्त हो सकें। उन्होंने बताया कि समय पर पुस्तकों के वितरण से बच्चों की शिक्षण व्यवस्था प्रारंभ से ही सुदृढ़ होगी और उन्हें किसी प्रकार की शैक्षिक असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं माया सिंह, संध्या देवी पटेल व बीरेंद्र कुमार उपस्थित रहे और उन्होंने भी बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।







