Home उत्तर प्रदेश प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में बच्चों के प्रगति रिपोर्ट का वितरण, मेधावी...

प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में बच्चों के प्रगति रिपोर्ट का वितरण, मेधावी छात्रों को किया गया पुरस्कृत

KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड कड़ा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में सोमवार को विभागीय निर्देशों के क्रम में वार्षिक परीक्षा फल, प्रगति रिपोर्ट वितरण व मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं व अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। विद्यालय में नामांकित 114 विद्यार्थियों के सापेक्ष उपस्थित 112 बच्चों को कक्षा 1 से 5 तक के प्रगति रिपोर्ट कार्ड वितरित किए गए। इंचार्ज प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू ने रिपोर्ट कार्ड वितरण के साथ-साथ प्रत्येक कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान मेधावी छात्रों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी और अन्य बच्चों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देखने को मिली। अपने संबोधन में प्रधानाध्यापक  ने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए नियमित विद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम में सहायक शिक्षिका माया सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर शिक्षक संध्या देवी पटेल व बीरेंद्र कुमार सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को विशेष व्यंजन के रूप में पूरी-सब्जी वितरित की गई, जिससे विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। अभिभावकों ने विद्यालय के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।