Home उत्तर प्रदेश प्रमोद व मोना के प्रयास से बाबा घुइसरनाथ धाम में स्थायी पुलिस...

प्रमोद व मोना के प्रयास से बाबा घुइसरनाथ धाम में स्थायी पुलिस चौकी को मिली मंजूरी

केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के घोषित पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थस्थल बाबा धाम में सुरक्षा मानक अब दिखेगा मजबूत
PRATAPGARH NEWS: क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना एवं सांसद प्रमोद तिवारी के प्रयास से पौराणिक स्थली बाबा घुइसरनाथ धाम में स्थायी पुलिस चौकी की मंजूरी मिली है। बाबा धाम में स्थायी पुलिस चौकी बन जाने से अब वहां आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों की सुरक्षा के बेहतर प्रबन्ध होंगे। बतादें अभी तक बाबा धाम में अस्थायी पुलिस चौकी का संचालन किया जा रहा है। इसके लिए सई तटवर्ती क्षेत्र में तीन कमरों का निर्माण भी कराया जा चुका है। अधिमास तथा श्रावण माह एवं प्रत्येक सोमवार तथा मंगलवार समेत विभिन्न पर्वो पर घुइसरनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना तथा सांसद प्रमोद तिवारी ने पिछले वर्ष तीन नवंबर को बाबा धाम में स्थायी पुलिस चौकी स्वीकृत किये जाने को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था। विधायक व सांसद के पत्र का असर हुआ और बीते ग्यारह अगस्त को शासन के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद द्वारा निर्गत शासनादेश में प्रतापगढ़ जिले के घुइसरनाथ धाम में शासन की ओर से स्थायी पुलिस चौकी की स्वीकृति की संसूचना जारी की गयी है। मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने यहां स्थायी पुलिस चौकी मंजूरी की शनिवार को विज्ञप्ति के जरिए जानकारी दी है। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा घोषित पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थस्थल बाबा घुइसरनाथ में स्थायी पुलिस चौकी के संचालन से यहां पर्यटकों व श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय तथा दूरदराज से आने वाले व्यापारियों को भी अब सुरक्षा व्यवस्था की सुविधा चाक चौबन्द मिल सकेगी।