MIRZAPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता “नन्दी” के जनपद आगमन पर गुरुवार को अष्टभुजा अतिथि भवन में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मड़िहान विधायक रमा शंकर पटेल, मझवा विधायक सुचिस्मिता मौर्या, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन श्री माली, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने पर भी विशेष बल दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और जनपद में संचालित विकास कार्यों की जानकारी दी।यह बैठक जनपद के विकास कार्यों एवं शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित की गई।







