Home उत्तर प्रदेश प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को...

प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

BHADHAOI NEWS: प्रदेश के नगर विकास, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, बरसात, संचारी रोग नियंत्रण तथा श्रावण मास में प्रस्तावित कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को जनहित से जुड़े कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक दीनानाथ भास्कर (औराई), विधायक विपुल दुबे (ज्ञानपुर), भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को वर्षा से क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं जल निगम को पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने को कहा। उन्होंने नगर निकायों को बरसात के दौरान जलभराव रोकने, नालों-नालियों की नियमित सफाई कराने तथा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव एवं स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। ए.के. शर्मा ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। श्रावण मास में प्रस्तावित कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कांवड़ मार्गों पर विशेष सफाई, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग को विद्युत तारों एवं पोलों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक कार्य समय से पूरा करने तथा किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याएं प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी, जबकि पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों से अवगत कराया। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।