PRAYAGRAJ NEWS: बिहार दौरे के दौरान राहुल गांधी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर राहुल गांधी मुर्दाबाद, मां का अपमान कांग्रेस की पहचान, कांग्रेस शर्म करो ,राहुल गांधी माफी मांगों, मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान का नारा लगाया गया। महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के इशारे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपशब्द कहे जा रहे हैं। उनको देश से माफी मांगनी चाहिए। महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री आकांक्षा सोनकर ने कहा कि राहुल गांधी मतदाता सूची के नाम आंदोलन चला रहे। जहां पर सार्वजनिक मंच से उनके इशारे पर कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री की मां को गाली गलौज कर रहे है। इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष महिला मोर्चा अर्चना शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करना भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं का घोर अपमान है। महिला मोर्चा काशी क्षेत्र मंत्री वंदना सिंह ने राहुल गांधी के खिलाफ विरोध जताते हुए कहा कि राजनीति में इस तरह मर्यादा का अतिक्रमण पहले कभी नहीं देखा गया। यह कृत्य बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शिखा रस्तोगी ने कहा कि बिहार वो धरती है, जहां मातृशक्ति का सम्मान हमेशा से सर्वोपरि रहा है। उस समृद्ध परंपरा वाले राज्य में आरजेडी-कांग्रेस के मंच से पीएम मोदी की मां को गालियां दी गईं इससे बड़ी विडंबना क्या होगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा शिखा रस्तोगी, रीता सिंह, शोभिता श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी चंद्र अहलूवालिया, आभा सिंह, किरन सिंह, किरन जायसवाल, पूर्व पार्षद रुचि गुप्ता रीता पासवान, नाजमीन बेगम, अफसाना बेगम, प्रिया कैथवास, चंद्रा अहलूवालिया, सोनी गुप्ता, दीपमाला श्रीवास्तव, अजर बेगम, जैनब, जारा खान आदि बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।







