सीडीओ ने कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश
BHADOHI NEWS: सीडीओ बालगोविंद शुक्ल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएमएजीवाई) के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की प्रस्ताव की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजना के अंतर्गत कराए जा रहे प्रस्ताव एवं कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान सीडीओ ने कहा कि योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति बाहुल्य ग्रामों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण हो सके तथा सामाजिक एवं आर्थिक असमानता को कम किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना अंतर्गत प्रस्ताव ,स्वीकृत सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। बैठक में सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों से कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि चयनित ग्राम पंचायतों में शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए, जिससे ग्रामों को वास्तविक रूप से आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा सके। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







