देहरादून में 29 से 31 अगस्त तक हुई प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर जीत चुके हैं पदक
FATEHPUR NEWS: जनपद के तेलियानी निवासी प्रदुमन पाल ने देहरादून में आयोजित नॉर्थ जोन नेशनल रोलबॉल चैंपियनशिप में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। 29 से 31 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में प्रदुमन के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उत्तर प्रदेश की टीम चैंपियन बनी। विजेता खिलाड़ियों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। कोच मनीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदुमन का चयन लखनऊ में आयोजित 19वीं जूनियर राज्यस्तरीय रोलबॉल प्रतियोगिता के आधार पर उत्तर प्रदेश टीम में हुआ था। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यूपी टीम का प्रतिनिधित्व किया। प्रदुमन पाल की यह पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। वर्ष 2022 में विशाखापत्तनम में आयोजित अंडर-11 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक हासिल किया था। इसके बाद वर्ष 2024 में पुणे में आयोजित सब-जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कोच मनीष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में प्रदुमन सहित कई अन्य खिलाड़ी पिछले करीब 10 वर्षों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। सीपीएस फतेहपुर में बच्चों को लगातार स्केटिंग और रोलबॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हाल ही में सीपीएस फतेहपुर में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया गया था। कोच के मुताबिक कैंप में खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया, जिसका परिणाम नॉर्थ जोन चैंपियनशिप में देखने को मिला। प्रदुमन की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। लगातार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत रहे प्रदुमन समेत अन्य खिलाड़ियों की सफलता से फतेहपुर के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिल रही है।







