AURAIYA NEWS: बाबरपुर कस्बे के मोहल्ला नवीन नगर निवासी मुहर सिंह अम्बाडी बीते सन् 1996 में बसपा से अजीतमल विधान सभा क्षेत्र से विधायक चुने गये थे। वर्तमान में वह अपनी पत्नी व पुत्रों के साथ बाबरपुर कस्बा स्थित घर में रहते हैं। सोमवार को वह, उनकी पत्नी, छोटा पुत्र बुद्ध रतन अंबाडी छत पर थे। बड़ा पुत्र भीम रतन अम्बाडी (45 वर्ष) ने नीचे कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से फांसी लगा ली। उसकी पत्नी संध्या, पुत्री ईशा व पुत्र आकाश छत से उतरकर नीचे आये तो भीम को फांसी पर लटका देख चीख निकल गई। स्वजनों ने उसको नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी, तथा सीएचसी अजीतमल लेकर पहुंचे जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घर में कोहराम मच गया। पूर्व विधायक ने बताया कि बीते करीब 15 वर्षो से वह मानसिक बीमार था। इलाज चल रहा था। जिससे आहत होकर आत्महत्या कर ली। कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मुहर सिंह अम्बाडी की ओर से आत्महत्या की तहरीर दी गई है। शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है।







