Home उत्तर प्रदेश पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह धुन्नी भैया के नेतृत्व में भाजपा की...

पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह धुन्नी भैया के नेतृत्व में भाजपा की निकली तिरंगा यात्रा

पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ बाइक रैली निकालकर दिया हर घर तिरंगा का संदेश
FATEHPUR NEWS: हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं राज्य सरकार के पूर्व राज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैया ने बुधवार को हपार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ तिरंगा यात्रा निकालकर क्षेत्रवासियों को हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया। बाइक रैली के रूप में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोगों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों के बीच देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। तिरंगा यात्रा नौबस्ता गंगा घाट से शुरू होकर पूर्व मंत्री के निजी आवास अल्लीपुर बाजार पहुंची। इसके बाद अल्लीपुर से चौकी चौराहा स्थित महाराणा प्रताप चौक तक बाइक रैली निकाली गई। पूरे मार्ग में देशभक्ति गीतों के बीच लोगों ने तिरंगा लहराया और राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए। इस दौरान रणवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदानों से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि आजादी आसानी से नहीं मिली है। इसे हासिल करने के लिए देश के पूर्वजों ने अनेक कुर्बानियां दीं और असंख्य परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को यह समझना जरूरी है कि तिरंगा केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि देश के त्याग, तप और बलिदान का प्रतीक है। तिरंगे के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यात्रा के दौरान चौकी चौराहा पर बहेरा सादात के ग्राम प्रधान डॉ. हसीन अंसारी की ओर से यात्रा में शामिल लोगों के लिए जलपान और आरओ के पानी की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने यहां पहुंचकर जलपान किया। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना सुल्तानपुर घोष के प्रभारी तेज बहादुर सिंह चंदेल पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने यात्रा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। इस अवसर पर ग्राम प्रधान डॉ. हसीन अंसारी, पूर्व प्रधान इश्तेयाक बेग उर्फ भुट्टू, जिला पंचायत सदस्य महेश कुमार, भाजपा अल्लीपुर मंडल अध्यक्ष राजा सिंह, रासिक, अली अहमद, नबी अहमद, चांद बाबू, डॉ. शोएब अंसारी सहित बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग मौजूद रहे।