सीजेएम तथा राज्य मंत्री के साथ ही अन्य जनप्रनिधिगण एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रहे उपस्थित
FATEHPUR NEWS: पुलिस परिवार द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन फतेहपुर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार के बच्चों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र और जन्माष्टमी पर्व का सुंदर चित्रण किया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री (पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग) कृष्णा पासवान तथा पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, बिंदकी विधायक जय कुमार जैकी, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन परिसर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना और हवन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से जनपदवासियों तथा पुलिस परिवार के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। पूजा एवं हवन के दौरान पुलिस लाइन परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इसमें पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।







