Home उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को किया...

पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को किया गया ब्रीफ

SIDHARTHNAGAR NEWS: आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक महाजन द्वारा संयुक्त रूप से अंबेडकर सभागार में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों को ब्रीफ किया गया।जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा को निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने पीपीटी के माध्यम से परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारीगण, क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।