कब्जे से चोरी किए गए 18 पीतल के घंटा एवं घड़ियाल को किया गया बरामद
BHADOHI NEWS: औराई थाना की पुलिस ने क्षेत्र में मंदिर से घंटा चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके कब्जे से 18 पीतल का घंटा बरामद किया गया। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में एएसपी शुभम अग्रवाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान खुलासा किया। इस दौरान एएसपी ने बताया कि यह मामला 20 मार्च की रात का है, जब उपरौठ गांव स्थित बाबा पहलवान वीर के देवस्थान से घंटा चोरी हो गया था। इस संबंध में आवेदक हौसला पासी द्वारा स्थानीय थाना पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई प्रचलित की गई। उन्होंने बताया कि एसपी अभिनव त्यागी के निर्देश और एएसपी शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में औराई पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर आज आरोपी सर्वेश गिरी पुत्र राजेंद्र गिरी को हवाई पट्टी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी उक्त थाना क्षेत्र के उपरौठ गांव का निवासी है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक जूट के बोरे में रखे 18 छोटे-बड़े पीतल के घंटे एवं घंटियां बरामद की गईं। पूछताछ में सर्वेश गिरी ने बताया कि उसने अपने फरार साथी प्रद्युम गिरी पुत्र पप्पू गिरी (निवासी उपरौठ) के साथ मिलकर 20 मार्च की रात को पहलवान वीर बाबा मंदिर से करीब 30 पीतल के घंटे चोरी किए थे। उसने बताया कि बरामद 18 घंटे उसके पास थे और वे दोनों धर्मेंद्र नामक व्यक्ति के माध्यम से इन्हें बेचने का इंतजार कर रहे थे। शेष घंटे उसके साथी प्रद्युम गिरी के पास हैं, जिसकी तलाश जारी है।







