Home उत्तर प्रदेश पुलिस का जागरूकता अभियान तेज, महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक

पुलिस का जागरूकता अभियान तेज, महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक

एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सभी थानों पर चला अभियान
FATEHPUR NEWS:  उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति अभियान 5.0’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद फतेहपुर में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो टीम द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को अभियान के तहत जनपद के बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को जागरूक किया गया। इस दौरान टीमों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की रक्षा और आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही ग्राम चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया और उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया गया। पुलिस टीमों ने लोगों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में वे महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग कर सकते हैं। साथ ही प्रतिभागियों को cybercrime.gov.in पोर्टल के बारे में जानकारी देकर ऑनलाइन अपराधों से बचाव और शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके और समाज में सुरक्षित माहौल बनाया जा सके।