KAUSHAMBI NEWS: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा की अगुवाई में शुक्रवार को जिला मुख्यालय मंझनपुर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा दोपहर ढाई बजे डायट मैदान से शुरू होगी। संगठन ने सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, पेंशनविहीन साथियों और मातृशक्ति से तिरंगा लेकर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। जिला संयोजक कुशल सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से कर्मचारियों की आवाज को जिला मुख्यालय से प्रदेश सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी साथियों से एक दिन अपना बहुमूल्य समय देकर कार्यक्रम में सहभागिता करने और यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को अटेवा जिला कार्यालय में पदाधिकारियों ने बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। इसमें वरिष्ठ जिला सह संयोजक राजेंद्र सिंह, जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन, जिला संगठन मंत्री विनोद यादव, इकबाल अली, जिला आईटी सेल प्रभारी आशीष कुमार सिंह, जिला आय-व्यय निरीक्षक राजकुमार, सिराथू ब्लाक अध्यक्ष अभिषेक सिंह, यतेन्द्र सिंह और कड़ा ब्लाक आईटी सेल प्रभारी राजेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।







