नगर के विभिन्न वार्डों में नपाध्यक्ष ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण
MIRZAPUR NEWS: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित केंद्र सरकार के सफल बारह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संगठन द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने नगर पूर्वी मंडल के पुरानी दशमी वार्ड में घर-घर पहुंचकर सम्मानित प्रबुद्धजनों से संवाद स्थापित किया तथा पंपलेट वितरित कर केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। नपाध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के बारह वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए आत्मनिर्भर भारत अभियान, गरीब कल्याण योजनाएं, किसान हितैषी नीतियां, महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य हेतु अनेक कार्यक्रम संचालित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश का प्रत्येक वर्ग इन योजनाओं से लाभान्वित हो रहा है, जिसके कारण जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है और सभी कार्यकर्ता विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर समर्पित हैं। इसके उपरांत नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने नगर के डंगहर, कोतवाली एवं पुरानी दशमी वार्ड में नवनिर्मित विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत पूजन-अर्चन कर लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि कोतवाली वार्ड में इंटरलॉकिंग, नाली मरम्मत एवं कवर लगाने का कार्य कराया गया है। वहीं पुरानी दशमी वार्ड के जेपी पुरम कॉलोनी में रिटेनिंग वाल एवं सीसी सड़क का निर्माण तथा डंगहर वार्ड में रिटेनिंग वाल और मिट्टी पटाव का कार्य कराया गया है। नपाध्यक्ष ने कहा कि नगर की सड़कों एवं पटरियों को बेहतर बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद लगातार कार्य कर रही है। इन विकास कार्यों से आमजन, ई-रिक्शा चालकों एवं अन्य वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और जनता की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर पर डॉली अग्रहरि, नामित सभासद रोहन मिश्रा, सभासद विजय प्रजापति, सृष्टि नारायण मिश्र, बृजमोहन मौर्य, गप्पू यादव, डॉ. ए.के. सिंह, रमेश चंद्र पाठक, विजय निषाद, आदित्य राज, अभिषेक बरनवाल, शंकर लाल मौर्य, वर्षा वर्मा, शिवम कुमार, हुकमचंद मौर्य, किशन कसेरा, राजेश अग्रवाल, सौरभ श्रीवास्तव, पवन यादव, सूरज सोनकर, प्रदीप साहू, अस्मित, रोहित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







