Home उत्तर प्रदेश परीक्षाफल वितरण समारोह में मेधावियों का सम्मान, छात्रों के खिले चेहरे

परीक्षाफल वितरण समारोह में मेधावियों का सम्मान, छात्रों के खिले चेहरे

KAUSHAMBI NEWS: डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर मीडिएट कॉलेज में सोमवार को विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। इस अवसर पर प्रतिभावान छात्रों को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधक रमेश चन्द्र सोनकर और प्रधानाचार्य अमन यादव ने मां सरस्वती व महापुरुषों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सभी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए, जिन्हें पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण-पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले तीन छात्रों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। कक्षा 11 के प्रिंस गौतम ने 96.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 9 की राशी सरोज 95.91 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय और कक्षा 6 की लक्ष्मी सरोज 95.75 प्रतिशत अंक पाकर तृतीय स्थान पर रहीं। तीनों विद्यार्थियों को अगली कक्षा के लिए निःशुल्क पुस्तकें प्रदान की गईं. कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अजेंद्र सिंह यादव ने किया। मुख्य अतिथि रमेश चन्द्र सोनकर ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और सम्मानित छात्र अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने शिक्षा को चरित्र निर्माण का माध्यम बताया। प्रधानाचार्य अमन यादव ने परीक्षाफल पर संतोष जताते हुए कहा कि इस वर्ष विद्यालय का परिणाम बेहतर रहा है, जो शिक्षकों की मेहनत और छात्रों के अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में शिक्षा स्तर को और बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर रमेश चंद्र गौतम, मनीष मौर्य, अभय, सरफराज अहमद, रामदुलारे गौतम, सविता यादव, राहत अनम, फरहा, शमरा, पूनम, संजना, ज्योति, रुखसाना, भाविका, रश्मि, मुस्कान, अजीत कुमार, अर्पिता, इदरीस अहमद सहित अभिभावक व विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।