इंडियन प्रेस काउंसिल के तत्वावधान में संगोष्ठी, पत्रकारिता मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प
PRATAPGARH NEWS: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा के सभागार में मंगलवार को इंडियन प्रेस काउंसिल के तत्वावधान में पत्रकार स्वर्गीय रमेश मौर्या की 12वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, पत्रकारों और समाजसेवियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर दिवंगत पत्रकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. रमेश मौर्या के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी वाचस्पति सिंह ने अपने संबोधन में कहा स्व. रमेश मौर्या ने पत्रकारिता को मिशन के रूप में अपनाया। उनकी लेखनी में सच्चाई और जनहित की आवाज स्पष्ट दिखाई देती थी। ऐसे पत्रकार लोकतंत्र की मजबूती के आधार होते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता की आज भी उतनी ही आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि क्षेत्राधिकारी अमरनाथ गुप्ता ने कहा पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। स्व. मौर्या ने हमेशा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया और व्यवस्था को जागरूक किया। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार लिखना नहीं, बल्कि समाज की नब्ज को समझना है। डॉ. रोहित सिंह ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व. मौर्या की सादगी और प्रतिबद्धता युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत है। इंडियन प्रेस काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीसी मिश्रा ने कहा कि संगठन स्व. मौर्या के आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप कुमार व काशी राम राणा ने अपने वक्तव्य में कहाकि पत्रकारिता जिम्मेदारी और नैतिकता का क्षेत्र है। स्व. रमेश मौर्या ने सदैव सत्य के पक्ष में खड़े होकर अपनी पहचान बनाई। हम सबका दायित्व है कि उनके आदर्शों को आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम का संचालन करते समाजसेवी सत्येंद्र सिंह ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्व. रमेश मौर्या के पिता शिवशंकर मौर्या भी मौजूद रहे। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्हें गर्व है कि उनके पुत्र की पत्रकारिता और सामाजिक योगदान को आज भी याद किया जा रहा है। कार्यक्रम में दिलीप साहू, अजय मिश्रा, शहबाज खान, दिनेश पाल, राहुल यादव, कृष्ण प्रताप, रंजीत मौर्या सहित अनेक पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. रमेश मौर्या के आदर्शों पर चलने और निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने न केवल एक श्रद्धांजलि सभा का रूप लिया, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों पर मंथन का अवसर भी प्रदान किया।







