निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत रू विधायक विपुल दुबे
PRAYAGRAJ NEWS: शनिवार को जिला पंचायत सभागार में हिंदी पत्रकारिता दिवस के 200 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशाल गोष्ठी और अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। विभिन्न राष्ट्रीय पत्रकार संगठनों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी और ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के पत्रकारिता विभाग के डॉ. सुनील सिंह ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की चेतना और समाज का दर्पण है। उन्होंने बदलते सामाजिक परिवेश में पत्रकारों की जिम्मेदारी बढ़ने पर जोर दिया और सत्य, निष्पक्षता तथा जनहित की भावना को पत्रकारिता की वास्तविक पहचान बताया। ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता आवश्यक है। उन्होंने पत्रकारों को समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया और पत्रकारिता के मूल्यों को बचाए रखने को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में पत्रकारों के योगदान की सराहना की और हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार रामाश्रय सिंह, आशुतोष जायसवाल और सुमित जायसवाल ने भी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और डिजिटल युग की चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुणेंद्र चैबे ने की, संचालन वीरेंद्र चतुर्वेदी ने किया और संयोजन राजीव गोयल ने किया। समारोह में जिले के विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी, पत्रकार और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







