Home उत्तर प्रदेश पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, कॉल डिटेल...

पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, कॉल डिटेल से खुला राज

PRATAPGARH NEWS: जनपद के कोहंडौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मोबाइल कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। जानकारी के अनुसार कोहंडौर थाना क्षेत्र के भावापुर गांव निवासी विनोद कुमार 28 अप्रैल 2026 की रात घर से शौच के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश शुरू की तो गांव के कब्रिस्तान के पास उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मामले में मृतक के भाई ने विनोद की पत्नी पिंकी देवी पर शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।‌ पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में थाना प्रभारी धनंजय राय की टीम ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर मृतक की पत्नी पिंकी देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि गांव के ही बदरे आलम से उसके प्रेम संबंध थे। दोनों पिछले करीब दो वर्षों से लगातार बातचीत करते थे और बदरे आलम का घर पर आना-जाना भी था। इस संबंध की जानकारी पति विनोद कुमार को हो गई थी, जिसके चलते आए दिन विवाद होता रहता था। इसी विवाद के बाद दोनों ने मिलकर विनोद कुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार घटना वाली रात पिंकी देवी के मोबाइल फोन से बदरे आलम ने विनोद कुमार को कॉल कर कब्रिस्तान के पास बुलाया। वहां उसे कुछ खिलाने-पिलाने के बाद नाक और मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पिंकी देवी ने परिवार को गुमराह करने के लिए पति के लापता होने की बात कही और खोजबीन का नाटक करती रही। गिरफ्तार अभियुक्ता पिंकी देवी पत्नी विनोद कुमार, निवासी भावापुर थाना कोहंडौर, उम्र लगभग 34 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस फरार आरोपी बदरे आलम की तलाश में जुटी हुई है।