Home उत्तर प्रदेश पति ने पत्नी की पीटकर हत्या की: शराब के नशे में की...

पति ने पत्नी की पीटकर हत्या की: शराब के नशे में की वारदात, आरोपी मौके से फरार

LAKHIMPUR KHERI NEWS: मझगई थाना क्षेत्र के मोतीपुरवा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी पति नागेश घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना सोमवार रात की है। जानकारी के अनुसार,नागेश ने शराब के नशे में अपनी 36 वर्षीय पत्नी क्रांति देवी की लात-घूसों और डंडे से पिटाई की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। मंगलवार सुबह पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मृतका के पिता सुरेश गौतम (निवासी बेला कलां) अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे। उन्होंने अपनी बेटी का शव देखा। घटना के समय घर में मृतका के तीन बच्चे मौजूद थे।क्रांति देवी की शादी करीब 18 वर्ष पहले नागेश से हुई थी। दंपति के तीन बेटे हैं: आशीष कुमार (14 वर्ष), अनुज (8 वर्ष) और अनूप कुमार (5 वर्ष)। परिजनों का आरोप है कि नागेश अक्सर शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करता था। पिछले वर्ष जुलाई में भी मारपीट की शिकायत पुलिस से की गई थी, जिसके बाद समझौता हो गया था।थाना प्रभारी राजू राव ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।