कव्वाली ने बांधा समां
FATEHPUR NEWS: हथगाम विकास खंड के पट्टी शाह गांव में हजरत फतेह शहीद बाबा का 86वां उर्स मुबारक अकीदत और शान के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में जायरीन शामिल हुए। मजार पर चादर चढ़ाने और मन्नत मांगने वालों का तांता लगा रहा, जिसमें खवातीन की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। उर्स के दौरान पहले दिन कुरआन ख्वानी, गागर एवं चादर गश्त और मिलादुन्नबी का आयोजन हुआ, जबकि दूसरे दिन लंगर और महफिल-ए-शमा का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। गौसिया नौजवानाने कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कव्वाली मुकाबला रहा, जिसमें फैजाबाद (अयोध्या) के रिजवान चिश्ती और बरेली की सूफिया चिश्ती ने अपने सुरों से समां बांध दिया। दोनों फनकारों ने हम्द, नात, मनक़बत और गजलों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरी रात माहौल रूहानी बना रहा। कार्यक्रम में हाफिज व कारी कबीर अहमद ने तकरीर पेश की, वहीं कवि एवं शायर डॉ. वारिस अंसारी की सरपरस्ती में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान शिव शरण बंधु हथगामी, शिवम हथगामी, महबूब अली, अहमद रियाज, चमन अली, मोहम्मद यूसुफ, डॉ. पप्पू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उर्स मुबारक के दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।







