Home उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज देवखरपुर में कक्षा 12 के...

पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज देवखरपुर में कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई

कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी: प्रधानाचार्य
KAUSHAMBI NEWS:  सिराथू क्षेत्र  के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज देवखरपुर में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिवार व कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने किया , जिसमें वरिष्ठ छात्रों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता की कामना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर किया , जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा शिवानी ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया, वहीं छात्र अविनाश ने प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया।
समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं व मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन हुआ। प्रतियोगिताओं के आधार पर कक्षा 12 की छात्रा खुशी को ‘मिस पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल स्कूल’ व  छात्र अविनाश को ‘मिस्टर पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल स्कूल’ के रूप में चयनित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर कक्षा 12 के सभी विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से डायरी, पेन व उत्कृष्ट कार्य और अनुशासन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय भद्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी निष्ठा व आत्मविश्वास के साथ करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है और विद्यार्थी अपने लक्ष्य को निर्धारित कर निरंतर प्रयास करते रहें। कार्यक्रम को सफल बनाने में परितोष त्रिपाठी, कोमल कुमार यादव, आलोक रंजन, श्याम बाबू, प्रीतेश कुमार, संजय कुशवाहा, विमला देवी, किरन देवी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा।