Home उत्तर प्रदेश पंच सम्मेलन में विकसित भारत-जी राम जी योजना की दी गई जानकारी

पंच सम्मेलन में विकसित भारत-जी राम जी योजना की दी गई जानकारी

गांवों के टिकाऊ विकास पर दिया गया जोर
FATEHPUR NEWS: विकास खंड तेलियानी के सभागार में शुक्रवार को विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों को योजना के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और नए प्रावधानों की जानकारी देना तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए स्थानीय जरूरतों के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने पर जोर देना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक अभय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख/प्रशासक तेलियानी, हसवा व खजुहा, मुख्य विकास अधिकारी फतेहपुर पवन कुमार मीणा, परियोजना निदेशक तथा उपायुक्त श्रम रोजगार अश्वनी कुमार सोनकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान/प्रशासक, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक अभय प्रताप सिंह ने कहा कि गांवों के विकास की प्राथमिकताएं स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनका लंबे समय तक लोगों को लाभ मिले और गांवों में टिकाऊ विकास को बढ़ावा मिले। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा ने कहा कि ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से जल संरक्षण के कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जल संसाधनों का संरक्षण भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया। उपायुक्त श्रम रोजगार अश्वनी कुमार सोनकर ने सम्मेलन में विकसित भारत-जी राम जी योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली, नए प्रावधानों और योजना के अंतर्गत कराए जाने वाले विभिन्न कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जल संरक्षण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देने तथा पात्र ग्रामीणों तक योजना का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का चयन स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर किया जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों को मिल सके। सम्मेलन के दौरान जनप्रतिनिधियों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी देकर उनके सुझाव भी लिए गए। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख तेलियानी, हसवा और खजुहा, मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम रोजगार, उपायुक्त स्वतः रोजगार, परियोजना निदेशक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं प्रशासक, ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।