Home उत्तर प्रदेश पंचमुखी महादेव मंदिर में भाकियू की भव्य चौपाल, 13 अगस्त को प्रेमनगर...

पंचमुखी महादेव मंदिर में भाकियू की भव्य चौपाल, 13 अगस्त को प्रेमनगर से खागा तक निकलेगी तिरंगा यात्रा

FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र अंतर्गत थाना सुल्तानपुर घोष के इजूरा खुर्द स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की विशाल चौपाल आयोजित की गई। भाकियू युवा जिलाध्यक्ष एडवोकेट विवेक सिंह के नेतृत्व में आयोजित चौपाल में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों और संगठन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। चौपाल में किसानों की स्थानीय एवं कृषि संबंधी विभिन्न समस्याओं पर गहन मंथन किया गया। साथ ही संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक का प्रमुख उद्देश्य 13 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर उसे अंतिम रूप देना रहा। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विवेक सिंह एवं ब्लॉक अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने बताया कि तिरंगा यात्रा 13 अगस्त को प्रेमनगर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए खागा तहसील मुख्यालय पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य किसानों में राष्ट्रभावना को मजबूत करने के साथ-साथ उनकी जायज मांगों और समस्याओं को शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन एवं सरकार के समक्ष उठाना है। भाकियू ब्लॉक उपाध्यक्ष ठाकुर उग्रसेन सिंह ने किसानों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने ट्रैक्टर, बाइक एवं अन्य वाहनों के साथ हाथों में तिरंगा लेकर समय से प्रेमनगर पहुंचें। उन्होंने कहा कि इजूरा खुर्द सहित सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। चौपाल में किसानों ने क्षेत्र की कई गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों ने आवारा पशुओं द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने, बिजली आपूर्ति की बदहाली, खाद-बीज की समय पर उपलब्धता न होने तथा नहरों और नलकूपों में सिंचाई के पानी की समस्या पर नाराजगी जताई। किसान नेताओं ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर मांग पत्र तैयार किया गया है, जिसे प्रशासन को सौंपा जाएगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हुआ तो भाकियू खागा तहसील मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन और घेराव करने के लिए बाध्य होगी। चौपाल के समापन पर किसानों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प लिया। भाकियू पदाधिकारियों ने कहा कि 13 अगस्त की तिरंगा यात्रा किसान एकता और राष्ट्रभावना का संदेश देने वाली बड़ी यात्रा होगी। इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ किसान नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।