पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से लगाई रोक की गुहार, न्यायालय आदेश उल्लंघन का आरोप
न्यायालय के यथास्थिति आदेश की अनदेखी का आरोप
FATEHPUR NEWS: किशनपुर थाना क्षेत्र के रारी द्वितीय गांव में सह-खातेदारी की भूमि पर कथित रूप से जबरन सड़क निर्माण कराए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पक्ष ने न्यायालय के स्थगन (स्टे) आदेश के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण रुकवाने की मांग की है। गांव निवासी जगन्नाथ सिंह पुत्र श्रीपाल सिंह ने पुलिस उपाधीक्षक खागा को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह गाटा संख्या 3267/0.4130 हेक्टेयर भूमि में एक तिहाई हिस्से के सह-खातेदार एवं कब्जेदार मालिक हैं। उनका आरोप है कि गांव के प्रधान, तीरथ सिंह तथा अन्य लोग सरकारी बंटवारे का हवाला देते हुए विवादित भूमि पर जबरन सड़क निर्माण करा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि उक्त प्रकरण उपजिलाधिकारी न्यायालय खागा में विचाराधीन है और मामले में न्यायालय द्वारा 22 मई 2026 को अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश जारी किया गया है। इसके बावजूद विरोधी पक्ष द्वारा निर्माण कार्य बंद नहीं किया जा रहा है, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है। जगन्नाथ सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जाए और विवादित भूमि पर कराए जा रहे कथित अवैध सड़क निर्माण को तत्काल प्रभाव से रुकवाया जाए, जिससे क्षेत्र में किसी प्रकार का तनाव या कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। वहीं पुलिस प्रशासन ने शिकायत के आधार पर प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।







