Home उत्तर प्रदेश नेवादा के कंपोजिट विद्यालय पेरई  में ‘नवआरंभ उत्सव’ की धूम

नेवादा के कंपोजिट विद्यालय पेरई  में ‘नवआरंभ उत्सव’ की धूम

KAUSHAMBI NEWS: नेवादा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय पेरई में बुधवार को को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्र में ‘नवआरंभ उत्सव’ का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी से कक्षा-1 तक बच्चों के सुगम संक्रमण को सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को नामांकन और नई शिक्षा नीति के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह ने अभिभावकों को बाल वाटिका की अवधारणा, उसके महत्व एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास में उसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में बच्चों को खेल-आधारित शिक्षा देने से उनकी सीखने की क्षमता विकसित होती है और वे आगे की कक्षाओं के लिए बेहतर रूप से तैयार होते हैं। इस दौरान अभिभावकों को 6 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे बच्चों के कक्षा-1 में प्रवेश की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, नामांकन की तिथियों तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे समय से अपने बच्चों का नामांकन कराकर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ें। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे विद्यालय परिसर उत्सव के माहौल में रंग गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफल रहा। विद्यालय प्रशासन ने इसे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।