SIDHARTHNAGAR NEWS: सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मानव तस्करी के एक प्रयास को विफल करते हुए एक नाबालिग लड़की को बचाया है। सोमवार को एसएसबी की 50वीं बटालियन को मिली खुफिया सूचना के आधार पर जवानों ने एक लड़के और लड़की को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बढ़नी चेकपोस्ट के पास रोका। पूछताछ के दौरान जवानों को पता चला कि लड़की संत कबीर नगर जिले की रहने वाली है। उसे सिद्धार्थनगर जिले का रहने वाला 32 वर्षीय रामराज्य यादव बहला-फुसलाकर घर छोड़ने का झांसा देकर नेपाल ले जा रहा था। नाबालिग लड़की को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उसे नेपाल ले जाया जा रहा है।
एसएसबी की टीम ने आगे की कार्रवाई के लिए दोनों को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), सिद्धार्थनगर को सौंप दिया है। यह कार्रवाई मानव तस्करी के खिलाफ एसएसबी की सतर्कता और प्रभावी खुफिया जानकारी का परिणाम है।







