शवों की पहचान के लिए नेपाल प्रशासन से समन्वय, सम्मान के साथ परिजनों को सौंपेगा प्रशासन
KUSHINAGAR NEWS: नेपाल में आई बाढ़ के कारण गंडक/नारायणी नदी क्षेत्र से अब तक कुल 06 अज्ञात शव मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने जानकारी दी। एडीएम ने बताया कि वर्तमान में इन सभी 06 शवों की पहचान नहीं हो सकी है। जिला प्रशासन द्वारा सभी शवों को ससम्मान जिला अस्पताल के डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है, ताकि पहचान और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने तक शवों का संरक्षण किया जा सके। उन्होंने बताया कि शवों की पहचान के लिए जिला प्रशासन नेपाल के सीमावर्ती जिलों के प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क और समन्वय में है। परिजनों की जानकारी जुटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एडीएम ने कहा कि किसी भी शव की पहचान सुनिश्चित होने और वैधानिक औपचारिकता पूरी होने के बाद संबंधित शव को पूरे सम्मान के साथ परिजनों अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधि को सौंपा जाएगा। पूरे प्रकरण में मानवीय संवेदना, गरिमा और वैधानिक प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।








