FATEHPUR NEWS: राष्ट्र नायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती एवं भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को निर्मला सूर्य मैरिज लॉन, जयराम नगर फतेहपुर में सामाजिक न्याय जन-जागरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सविता महासभा उत्तर प्रदेश, जनपद फतेहपुर के संरक्षक प्राचार्य बलराम सेन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य अशोक कुमार सिंह सविता, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, पूर्व सदर विधायक विक्रम सिंह तथा सविता महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. मिथलेश कुमार सिंह सविता द्वारा भारत माता, राष्ट्र नायक सुभाष चंद्र बोस, भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर एवं मां सरस्वती की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्वलन, पुष्पार्चन और माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान सरस्वती वंदना एवं नाट्य मंचन भी प्रस्तुत किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रो. मिथलेश कुमार सिंह सविता ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस समस्त भारतवासियों के सर्वमान्य राष्ट्र नायक हैं। उन्होंने आज़ाद हिंद फ़ौज का गठन कर स्वतंत्र और स्वाभिमानी भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि आज़ादी के दशकों बाद भी नेताजी को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल सका, इसलिए भारत सरकार को उन्हें संवैधानिक रूप से राष्ट्र नायक घोषित कर उनके जन्मदिवस को राष्ट्रीय स्वाभिमान दिवस घोषित करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। मुख्य अतिथि अशोक कुमार सिंह सविता ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान को लंबे समय तक उपेक्षित किया गया, जबकि वर्तमान सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। विशिष्ट अतिथि अन्नू श्रीवास्तव ने नेताजी के नाम पर पार्क निर्माण और भव्य प्रतिमा स्थापना की घोषणा की। पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को अपने जीवन की प्रेरणा बताया। कार्यक्रम के दौरान सविता महासभा के पदाधिकारियों द्वारा दिव्यांग, विधवा, गरीब महिलाओं और मजदूरों को कंबल वितरित किए गए। अंत में प्रधानमंत्री भारत सरकार और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी फतेहपुर के माध्यम से सौंपा गया। कार्यक्रम में सविता महासभा के जिला अध्यक्ष रामशंकर सविता, महामंत्री बृजेश सेन, संगठन मंत्री विमल कुमार, जिला प्रभारी संतराम फौजी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।







