Home उत्तर प्रदेश नीट समेत प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की उच्च स्तरीय जांच की...

नीट समेत प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की उच्च स्तरीय जांच की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (आर.ए.एम.) ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। संगठन ने पेपर लीक की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग की। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजीव मिश्रा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले लाखों छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक वर्षों की मेहनत, त्याग और आर्थिक कठिनाइयों के बाद इन परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में जब परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने जैसी घटनाएं सामने आती हैं तो इससे केवल परीक्षा की निष्पक्षता ही प्रभावित नहीं होती, बल्कि छात्रों का मनोबल और देश की शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास भी कमजोर होता है। ज्ञापन में कहा गया कि कई परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए अपनी जमा-पूंजी खर्च कर देते हैं। किसान अपनी जमीन बेचता है, मजदूर अतिरिक्त मेहनत करता है और कई परिवार आर्थिक संकट झेलकर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं। पेपर लीक की घटनाओं से इन परिवारों की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर जाता है। संगठन ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं के कारण अनेक छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव और अवसाद का सामना करते हैं। ज्ञापन में छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने अपने ज्ञापन में यह भी कहा कि वह किसी प्रकार की हिंसा या अव्यवस्था का समर्थन नहीं करता, लेकिन यदि किसी भी निर्दोष छात्र-छात्रा के साथ प्रदर्शन के दौरान अनावश्यक बल प्रयोग या अमानवीय व्यवहार हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। संगठन ने राष्ट्रपति से मांग की कि नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए।
इस अवसर पर जगत मिश्रा, सर्वेश शुक्ला, दिनेश सिंह, सचिन कुमार, इंद्रेश तिवारी, रमेश पटेल, प्रकाश पासवान, सपना सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।