डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
FATEHPUR NEWS: निर्माण श्रमिकों एवं उनकी पुत्रियों के विवाह पंजीकरण प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विवाह पंजीकरण संबंधी मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से संचालित कन्या विवाह सहायता योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए विवाह पंजीकरण प्रमाण-पत्र अनिवार्य दस्तावेज है। समय पर प्रमाण-पत्र प्रस्तुत न होने की स्थिति में आवेदन निरस्त हो जाता है, जिससे पात्र निर्माण श्रमिक योजना के लाभ से वंचित रह जाते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विवाह पंजीकरण से जुड़े सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों की समीक्षा की जाए और उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाए। साथ ही विवाह प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए। बैठक में समस्त श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सभी उप रजिस्ट्रार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







