PRAYAGRAJ NEWS: कौंधियारा थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव का एक युवक काफी समय से किशोरी को परेशान कर रहा था। वह आए दिन उसे रास्ते में रोकता और अनावश्यक रूप से बात करने का प्रयास करता था। इस बात की जानकारी जब परिजनों को हुई तो उन्होंने युवक को समझाने का प्रयास किया और उसकी हरकतों का विरोध भी किया। इसके बावजूद आरोपी युवकअपनी आदतों से बाज नहीं आया और लगातार किशोरी को परेशान करता रहा। बताया जाता है कि 24 मार्च की शाम किशोरी शौच के लिए खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद युवक ने उसे रोक लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए दुष्कर्म किया। घटना से घबराई किशोरी किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और पूरी बात अपनी मां को बताई ।
किशोरी के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे परिवार की जिम्मेदारी उसकी मां पर ही है। मां ने साहस दिखाते हुए मामले को गंभीरता से लिया और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।इसके बाद सक्रियता दिखाते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, और मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार आगे की विधिक। कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।







