MIRZAPUR NEWS: शाहिद वारसी माहे रमज़ान के आखिर में ईद-उल-फित्र को लेकर इंतजार खत्म हो गया है। गुरुवार को मगरिब की नमाज के बाद शव्वाल महीने का चांद नजर नहीं आया। इसके बाद शहर काज़ी मौलाना अलहाज नज़म अली खान की ओर से आधिकारिक घोषणा की गई कि शुक्रवार, 20 मार्च को रमज़ान का 30वां रोज़ा रखा जाएगा और शनिवार, 21 मार्च 2026 को ईद-उल-फित्र मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 29 रमज़ान 1447 हिजरी (19 मार्च 2026) को चांद की शरई तस्दीक नहीं हो सकी। इसके चलते इस्लामी कैलेंडर के अनुसार शव्वाल महीने की पहली तारीख 21 मार्च को मानी जाएगी। ईद-उल-फित्र खुशी, शुक्रगुजारी और भाईचारे का पैगाम लेकर आती है। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल जश्न मनाने का नहीं, बल्कि अल्लाह का शुक्र अदा करने, मोहब्बत बांटने और इंसानियत की सेवा करने का दिन है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने दिलों को नफरत और बैर से पाक करें और आपसी सौहार्द को बढ़ावा दें। रमज़ान जैसे मुकद्दस महीने की नेमत मिलने पर अल्लाह का शुक्र अदा करें और ईद को अमन, मोहब्बत और खुशियों के साथ मनाएं।







