JHANSI NEWS: एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेज द्वारा गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से “सतत और जलवायु-लचीली कृषि के लिए साझेदारी” विषय पर एक दिवसीय एग्री इनपुट रिटेलर/डिस्ट्रिब्यूटर कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला ग्रीन टेक्नोलॉजीज पर केंद्रित रही और इसका आयोजन सनराइज होटल, झाँसी में दोपहर 12 बजे से हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप कृषि निदेशक श्री महेंद्र पाल सिंह, जिला कृषि अधिकारी श्री कुलदीप मिश्रा तथा कृषि विज्ञान केंद्र झाँसी की प्रभारी डॉ. निशि रॉय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर 60 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। संस्था के प्रबंधक गौरव कुमार ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि कार्यक्रम के दौरान कृषि तकनीकों, इनपुट उत्पादों एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। अपने संबोधन में उप कृषि निदेशक श्री महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि जनपद में वर्तमान में 60 से अधिक कृषक उत्पादन संगठन (एफपीओ) सक्रिय हैं, जो विभिन्न कृषि उत्पादों पर कार्य कर रहे हैं और जिनके उत्पादों की बाजार में मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेज एवं गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से आगामी रबी सीजन में किसानों के खेतों पर निःशुल्क प्रदर्शन कार्य कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करना है, ताकि विशेषकर सब्जियों एवं फलों में रसायन मुक्त उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें। साथ ही उन्होंने एक्सेस डेवलपमेंट टीम की सराहना करते हुए भविष्य में उनके साथ क्षेत्रीय स्तर पर कार्य करने का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि जिला कृषि अधिकारी श्री कुलदीप मिश्रा ने कहा कि रसायनयुक्त खाद्यान्न के अत्यधिक सेवन से आज हर आयु वर्ग के लोग गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इसका मुख्य कारण फसलों में रसायनों का अत्यधिक उपयोग है। उन्होंने कहा कि किसानों को ऐसी संस्थाओं से जोड़कर जैविक उत्पादों की ओर प्रेरित किया जाना चाहिए। आने वाला समय जैविक उत्पादों का होगा और इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है। जनपद स्तर पर एफपीओ प्रभारी अधिकारी दीपक कुशवाहा तथा कृषि विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञों ने बताया कि विभाग एफपीओ को तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहा है। साथ ही, उन्हें यूपी शक्ति पोर्टल पर पंजीकृत कर देश-विदेश के बाजारों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे एफपीओ को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। कार्यक्रम में अनिल शर्मा (एग्रीकल्चर इनपुट एक्सपर्ट) ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि संजीव शर्मा (मार्केट लिंकेज एक्सपर्ट) ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। इसके अतिरिक्त, ईएफ पॉलिमर, वावर तथा सुरज श्री केमिकल्स लिमिटेड जैसी तीन प्रमुख जैविक उत्पाद निर्माण कंपनियों ने भागीदारी की। प्रतिनिधियों ने किसानों को अपने उत्पादों की जानकारी दी, रसायनों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला तथा किसानों को रसायन मुक्त खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।







