PRATAPGARH NEWS: नवभारत साक्षरता अभियान के अन्तर्गत जनपद प्रतापगढ़ के बाबागंज विकासखण्ड में खण्ड शिक्षा अधिकारी आशीष मिश्र के कुशल मार्गदर्शन में ब्लॉक के 50 से अधिक परीक्षा केन्द्रों पर लगभग 500 से अधिक असाक्षर व्यक्तियों के लिए साक्षरता परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। नवभारत साक्षरता अभियान के तहत पूरे देश में ऐसे व्यक्तियों को साक्षर बनाने का प्रयास किया जा रहा है जो 15 वर्ष से अधिक तथा 60 वर्ष से कम आयुवर्ग के हैं और अब तक पढ़ना-लिखना नहीं सीख पाए हैं। इसी उद्देश्य से साक्षरता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्य के अंतर्गत सबसे पहले उक्त आयुवर्ग के असाक्षर व्यक्तियों का चिन्हीकरण परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों द्वारा किया गया। इसके बाद उल्लास ऐप के माध्यम से उनका पंजीकरण किया गया। विभाग द्वारा परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र एवं उत्तरपुस्तिकाओं की व्यवस्था कर परिषदीय विद्यालयों को ही परीक्षा केन्द्र के रूप में स्थापित किया गया। 15 मार्च को आयोजित इस परीक्षा में ब्लॉक के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर 500 से अधिक असाक्षर व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। अधिकारियों द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया गया।
इस पहल के माध्यम से शिक्षा विभाग द्वारा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है, जिससे लोगों को पढ़ने-लिखने की बुनियादी क्षमता प्राप्त हो सके और वे सामाजिक तथा आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकें।







